न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बाल विवाह को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, पंचायत-पंचायत पहुंचेगा जागरूकता रथ

विधायक गोपाल अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रथ को किया रवाना

जनप्रतिनिधियों ने ली बाल विवाह उन्मूलन की शपथ

 रहत संस्था ने हर पंचायत तक अभियान पहुंचाने का लिया संकल्प

किशनगंज /प्रतिनिधि 

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ ठाकुरगंज में व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय स्थित कौशल विकास भवन में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। रहत संस्था, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गोपाल अग्रवाल ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, सुरक्षित वातावरण में बचपन बिताने और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज की भी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, अच्छे संस्कार और बेहतर परवरिश पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

विधायक ने स्पष्ट कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। कानून के अनुसार लड़की की शादी की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। नाबालिग बच्चों का विवाह कराना या इसमें सहयोग करना गंभीर कानूनी अपराध है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न पंचायतों के लिए रवाना किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह बाल विवाह निषेध पदाधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

नगर परिषद अध्यक्ष सिकंदर पटेल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की जिम्मेदारी किसी एक धर्म या जाति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। हर बच्चे के लिए कानून समान है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों को शिक्षा एवं विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।

एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बाल विवाह और बाल मजदूरी के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को कानून की जानकारी होनी चाहिए। बाल विवाह बच्चों के भविष्य को प्रभावित करने के साथ उन्हें शोषण और अन्य जोखिमों की ओर धकेल सकता है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों, विवाह के नाम पर प्रलोभन देने वाले लोगों तथा बाल अधिकारों के उल्लंघन की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

रहत संस्था की सचिव डॉ. फरजाना बेगम ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज, सरकार और परिवार तीनों को मिलकर आगे आना होगा। सामूहिक भागीदारी से ही बच्चों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है। उन्होंने बाल संरक्षण से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह या किसी बच्चे के संकट में होने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है। वहीं, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों, ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला के बाद रहत संस्था की टीम ने ठाकुरगंज प्रखंड की प्रत्येक पंचायत तक पहुंचकर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिलाओं, किशोरियों और अभिभावकों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया। पंचायत स्तर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मनोवर आलम, नजमुद्दीन साहब, अमरजीत साहब, आरओ राहुल कुमार, बीडीओ आशीष कुमार, मुखिया वीरेंद्र कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। रहत संस्था की टीम से मालमीका सिन्हा, गौरव, दीपक, अंजली, गुड़िया, खुशी, मुजाहिद आलम, राहुल और नाजिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. फरजाना बेगम ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। रहत संस्था ने संकल्प दोहराया कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की यह मुहिम पंचायत-पंचायत तक जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Comment