सर्वाराम, जौनिया और कान्तनगर दियारा में की गई छापेमारी
किसानों से मिलकर भयमुक्त होकर खेती करने का दिया भरोसा
बरारी /कटिहार – दियारा क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और किसानों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र बल और एसटीएफ की टीम ने सर्वाराम दियारा, जौनिया दियारा और कान्तनगर दियारा में छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दियारा क्षेत्र के किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने खेती के दौरान आने वाली परेशानियों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं से पुलिस को अवगत कराया। थानाध्यक्ष ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। वे बिना किसी भय के अपनी खेती-बाड़ी करें। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या धमकी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार दियारा क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध छापेमारी और फ्लैग मार्च का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस बल और एसटीएफ की संयुक्त टीम क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसानों को भयमुक्त माहौल में खेती करने का अवसर उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।