प्रदेश महामंत्री राजेश झा ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का दिया निर्देश
किशनगंज: भारतीय जनता पार्टी किशनगंज जिला इकाई की जिला बैठक गुरुवार को तीन सत्रों में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री राजेश झा उपस्थित रहे। बैठक में जिला प्रभारी राजकुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशांत गोप सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी मंचासीन रहे।
बैठक के प्रथम सत्र में पिछले दिनों आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। प्रदेश महामंत्री ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए प्रत्येक महीने जिला बैठक, मंडल बैठक, शक्ति केंद्र बैठक और बूथ बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रभारियों को मनोनीत किया गया।
राजेश झा ने अराजकता और भीड़तंत्र के विरुद्ध चल रहे राष्ट्रप्रेमी कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं से विशेष रुचि लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रथम सत्र में सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तथा जिला इकाई के पदाधिकारी शामिल हुए।
दूसरे सत्र में पार्टी के सातों मोर्चों के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें मोर्चों की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और संगठनात्मक आयामों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वहीं, अंतिम सत्र में जिला कोर कमेटी के सात सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने, जिला संगठन के विस्तार तथा दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर विशेष आयोजन करने को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।