कोढ़ा/कटिहार – थाना क्षेत्र के कोलासी संदलपुर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क में संदलपुर विद्यालय के समीप जुगाड़ गाड़ी और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हो गया ।जानकारी के अनुसार संदलपुर गांव में गुरुवार की मध्य रात्रि घर में शादी की तैयारी चल रही थी। दरवाजे पर बारात आने का इंतजार हो रहा था। परिवार के लोग स्वागत की तैयारियों में जुटे थे।
बहन की बारात पहुंचने में महज एक घंटे का समय बाकी था। इसी बीच जनरेटर के लिए डीजल लेने निकला अमित कुमार (16) सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।घटना के बारे में बताया जाता है।कोलासी शिविर के संदलपुर गांव निवासी नेवल तुरी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। अमित चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
अपनी इकलौती बड़ी बहन की शादी के लिए वह एक रिश्तेदार के लड़के के साथ बाइक से कोलासी पेट्रोल पंप डीजल लेने गया था। लौटने के दौरान शिवाडीह चौक के समीप उनकी बाइक की जुगाड़ गाड़ी से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही अमित की मौत हो गई। वहीं रौतारा थाना क्षेत्र के चंदवा गांव निवासी रिश्तेदार का लड़का गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अमित के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया।