न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गिरिराज सिंह का सोनिया गांधी, तेजस्वी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- विपक्षी दल हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कर रहे राजनीति

डेस्क:केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अलग-अलग मुद्दों को लेकर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन पर तुष्टीकरण, विकास की अनदेखी और हिंदू आस्था को चोट पहुंचाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बाबरी मस्जिद और बाटला हाउस जैसी घटनाओं पर विपक्षी नेताओं की संवेदनाएं सामने आती हैं, लेकिन जब पहलगाम में आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर गोली मारी, तब उनकी आंखों में आंसू नजर नहीं आए।उन्होंने सोनिया गांधी पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें सिर्फ मुस्लिम वोट चाहिए ।

वहीं, तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि चरवाहा विद्यालय की राजनीति करने वाले आज विकास की बातें कर रहे हैं। तेजस्वी यादव को पहले यह देखना चाहिए कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में बिहार को कितना रोजगार मिला। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि उस दौर में अपहरण, हत्या और लूट जैसी घटनाएं ही रोजगार का माध्यम बन गई थीं।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में आज जमीन पर रिफाइनरी, एनटीपीसी, एथेनॉल प्लांट और पीएम श्री स्कूलों के रूप में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद विपक्ष अपनी नाकामी छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी गिरिराज सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव की आहट मिलते ही दशकों तक राम मंदिर पर सवाल उठाने वालों को अब अयोध्या का रास्ता याद आने लगा है। रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वालों को ऐसी राजनीतिक नौटंकी बंद कर अपने पुराने कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।

गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि हिंदू त्योहारों का मजाक उड़ाना सीधे तौर पर हिंदू आस्था को चोट पहुंचाना है। उन्होंने विपक्षी दलों पर धर्मनिरपेक्षता की आड़ में तुष्टीकरण की राजनीति करने और हिंदू समाज को जातियों में बांटने का आरोप लगाया।

Share this news

Leave a Comment