न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

21 लाख दीपों से जगमगाई काशी, देव दीपावली पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

84 घाटों पर दीपों की अद्भुत रोशनी ने बिखेरी अलौकिक छटा, 51 घाटों पर एक साथ हुई गंगा महाआरती; लेजर और ड्रोन शो ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता

वाराणसी: धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंगा के 84 घाटों पर करीब 21 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा गंगा तट जगमगा उठा। घाटों की सीढ़ियों से लेकर गंगा पार रेती तक दीपों की लंबी कतारों ने ऐसा विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया, मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे।

सूर्यास्त के साथ ही काशी के घाटों पर दीप प्रज्वलन का सिलसिला शुरू हुआ। देखते ही देखते दशाश्वमेध, अस्सी, नमो घाट, तुलसी घाट, राजघाट और अन्य प्रमुख घाट दीपों की रोशनी से नहा उठे। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करता रहा। घाटों पर हर-हर महादेव के जयघोष और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

देव दीपावली का मुख्य आकर्षण भव्य गंगा महाआरती रही। काशी के 51 घाटों पर एक साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया। विशेष रूप से दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित महाआरती में 21 अर्चकों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां गंगा की आरती की। विशाल दीपों की रोशनी, धूप-दीप और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई आरती को देखने के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।

मालूम हो कि इस बार देव दीपावली के आयोजन में आधुनिक तकनीक का भी शानदार समावेश देखने को मिला। चेत सिंह किले पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो के माध्यम से काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। वहीं ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी ने आसमान में आकर्षक नजारे प्रस्तुत किए। गंगा में नौका विहार करते पर्यटकों ने भी रोशनी से जगमगाते घाटों की खूबसूरती का आनंद लिया।

देव दीपावली के अवसर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। पूरे आयोजन के दौरान काशी में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि देव दीपावली को लेकर काशी की धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं। इसी मान्यता के तहत हर वर्ष गंगा के घाटों पर लाखों दीप जलाकर देव दीपावली मनाई जाती है। इस वर्ष भी दीपों की जगमगाहट, गंगा महाआरती और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर विश्व पटल पर खास बना दिया।वही पीएम मोदी ने देव दीपावली की तश्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज सर्वत्र देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है।

Share this news

Leave a Comment