न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

महिला ने पिता पुत्र पर मारपीट और रंगदारी मांगने का लगाया आरोप, केस दर्ज

65 वर्षीय महिला ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी, जमीन विवाद में परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

किशनगंज/सागर चंद्रा

शहर के आदर्श थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में रंगदारी मांगने, घर में घुसकर लूटपाट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में 65 वर्षीय महिला जमिला खातून ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

महिला का आरोप है कि मोहल्ले के जमालुद्दीन और उनके पुत्र मो. जुबेर तलवार लेकर उनके घर पहुंचे और रंगदारी के रूप में 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने कथित तौर पर उनके साथ जबरदस्ती की और एक कमरे में बंद कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपियों ने घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों वहां से भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि दूसरा भागने के क्रम में नाली से टकराकर चोटिल हो गया।

आवेदन में महिला ने जमीन बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चलने की बात भी कही है। आरोप है कि दोनों आरोपी उनके परिवार को लगातार धमकी दे रहे हैं और जमीन पर जाने से रोकते हैं। इससे परिवार के लोग भयभीत हैं।

महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने थाना कांड संख्या 1273/26 सुसंगत धाराओं में दर्ज कर अग्रतर कारवाई में जुट गई है।

Share this news

Leave a Comment