लैपटॉप और सिलेंडर समेत सामान बरामद/किशनगंज
प्रतिनिधि/किशनगंज
भवन निर्माण विभाग के खगड़ा स्थित सरकारी निरीक्षण भवन में चोरी के मामले में एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार की रात्रि को अलग अलग स्थानों से नौ लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी का लैपटॉप, गैस सिलेंडर, आयरन, एक्सटेंशन बोर्ड और ट्रिमर समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी के सामान की बरामदगी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने पहले अंकित को गिरफ्तार किया था।इसके बाद अन्य आरोपियों को पकड़ा गया।गिरफ्तार आरोपियों में धरमगंज निवासी सूरज शर्मा, माझिया रोड निवासी अंकित राय और मोहम्मद जाहिद, खगड़ा निवासी करण कुमार, आर कुमार, रोहित कुमार, मोहम्मद सद्दाम, अब्दुल तथा हाथीपट्टी निवासी मोहम्मद समीर शामिल हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में सर्किल इंस्पेक्टर रामबालेश्वर राय किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक बैजू कुमार,अवर निरीक्षक बिक्रम कुमार, प्रिंस प्रभाकर, अवर निरीक्षक सरवर इमाम, अवर निरीक्षक जयराम बिंद व अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
पुलिस सभी आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।चोरी की घटना 19 नवंबर को भवन निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में हुई थी। यहां विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. पंकज कुमार सिंह का लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव, नकदी समेत कई सामान चोरी हो गए थे।
चोरी गए सामान में विभागीय कामकाज से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा, पत्राचार और सरकारी अभिलेख होने की जानकारी दी गई थी। ऐसे में यह मामला केवल सामान की चोरी तक सीमित नहीं था, बल्कि सरकारी दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की सुरक्षा से भी जुड़ा था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान पुलिस को चोरी में शामिल आरोपितों के संबंध में गुप्त सूचना मिली। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एक एसआईटी गठित किया गया। एसआईटी ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के सामान की बरामदगी भी की है। पुलिस बरामद सामान का मिलान प्राथमिकी में दर्ज चोरी गए सामान से कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की घटना को किस समय और किस तरीके से अंजाम दिया गया था।
सरकारी डेटा की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
सरकारी निरीक्षण भवन से लैपटॉप और पेन ड्राइव की चोरी को गंभीर माना जा रहा है। इन उपकरणों में विभागीय कामकाज से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा, पत्राचार और सरकारी अभिलेख सुरक्षित होने की जानकारी दी गई थी। ऐसे में चोरी के बाद सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।