दिघलबैंक/ मुरलीधर झा
दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत बांसबाड़ी हाट में बीती देर रात एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस अगलगी की घटना में बालूबाड़ी निवासी मुस्ताक आलम की किराना दुकान पूरी तरह बर्बाद हो गई।
पीड़ित मुस्ताक आलम के अनुसार, आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। सबसे दुखद पहलू यह है कि उन्होंने महज दो महीने पहले ही काफी उम्मीदों और मेहनत के साथ इस दुकान की शुरुआत की थी। दुकान के उद्घाटन के महज दो महीने बाद ही सबकुछ जलकर राख हो जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों ने कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक दुकान में रखा किराना सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपना रोजगार शुरू कर परिवार का भरण-पोषण कर सके।