न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

इलाज के कुछ देर बाद जख्मी नीलगाय ने तोड़ा दम

इंसानियत दिखाने वाले किसान की पहल भी नहीं बचा सकी जान

फलका /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के किसान नीलगाय के आतंक से परेशान हैं। खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। लेकिन पकड़िया गांव में एक घायल नीलगाय के साथ हुई घटना ने इंसानियत और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता का सवाल खड़ा कर दिया। बंदूक की गोली से गंभीर रूप से जख्मी नीलगाय को बचाने के लिए स्थानीय किसान लालो सिंह आगे आये। उन्होंने घायल वन्यजीव को बेसहारा छोड़ने के बजाय उसके उपचार के लिए स्थानीय प्रशासन और वन विभाग से मदद की गुहार लगाई।

स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष परमानंद शर्मा की पहल पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से जख्मी नीलगाय का उपचार किया। हालांकि इलाज के कुछ देर बाद ही नीलगाय ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी किसान लालो सिंह ने दी। नीलगाय की मौत के बाद अब स्थानीय लोग वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार घटना की सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम अब तक मौके पर नहीं पहुंची है। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा और विभागीय तत्परता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आमतौर पर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली नीलगाय को लेकर किसानों में नाराजगी रहती है। इसके बावजूद किसान लालो सिंह ने घायल वन्यजीव की पीड़ा को समझते हुए उसकी जान बचाने का प्रयास किया।

भले ही नीलगाय की जान नहीं बच सकी, लेकिन उनकी यह पहल मानवता और जीवों के प्रति करुणा की मिसाल बन गई। अब ग्रामीणों को वन विभाग की टीम के पहुंचने की और आगे की आवश्यक कार्रवाई का इंतजार है।ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग के टीम को जानकारी दी गयी।

Share this news

Leave a Comment