सात दिनों में मांगा जवाब, कांग्रेस-राजद से लेकर भाजपा तक के नेताओं ने की बयान की निंदा, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की उठ रही मांग
डेस्क:असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक अख्तरुल ईमान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक जलसे में दुल्हन की नुमाइश को लेकर दिए गए उनके कथित आपत्तिजनक बयान ने बिहार की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस, राजद और भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है। साथ ही अख्तरुल ईमान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी तेज हो गई है।गौरतलब हो कि रविवार को अख्तरूल ईमान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था हालांकि उक्त वीडियो 7 नवंबर का बताया जाता है जिसमें उन्होंने शादी में होने वाले खर्चे,बारात और दुल्हन की मुंह दिखाई सहित युवतियों के दुपट्टे को लेकर सवाल खड़े किए थे।
विवाद के बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक दायरे के बीच अब बिहार राज्य महिला आयोग ने भी मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य सजल झा ने 24 नवंबर 2026 को अख्तरुल ईमान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि आयोग के संज्ञान में एक वीडियो आया है, जिसमें विधायक पर सार्वजनिक मंच से महिलाओं और विवाह समारोहों को लेकर कथित तौर पर अभद्र एवं अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने तथा अन्य संवैधानिक मुद्दों पर भड़काऊ बयान देने का आरोप है।
आयोग ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और सार्वजनिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए अख्तरुल ईमान से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही नोटिस में निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं देने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इस मामले ने अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर महिला सम्मान और सार्वजनिक मंचों से जनप्रतिनिधियों की भाषा एवं मर्यादा को लेकर बहस छेड़ दी है। महिला आयोग के नोटिस के बाद अख्तरुल ईमान की मुश्किलें और बढ़ती दिखाई दे रही हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक आयोग के नोटिस पर क्या जवाब देते हैं और विवाद को लेकर अपना पक्ष किस तरह रखते हैं।