जमीन का दस्तावेज, ज्वेलरी और नकदी बरामद
कटिहार – कटिहार शहर के लोहियनगर निवासी सह छपरा में ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत चंद्रशेखर सिंह के ठिकानों पर विजिलेंस की टीम ने छापेमारी की है। पटना से पहुंची विजिलेंस टीम ने शहर के सहायक थाना क्षेत्र के लोहियानगर मोहल्ले में उनके पैतृक आवास पर जांच की। । इसके अलावा पटना समेत अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की है।
विजिलेंस के सीनियर डीएसपी गौतम शरण ओमी ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल प्रारंभिक जांच में कुछ गोल्ड, नकदीऔर जमीन के दस्तावेज बरामद हुआ है। जिसके आधार पर आगे भी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर सिंह ग्रामीण कार्य विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर छपरा में तैनात हैं।
कटिहार के लोहियानगर स्थित उनका आवास पैतृक घर है, जहां वह अपने तीन भाइयों के साथ रहते हैं। छापेमारी के दौरान चंद्रशेखर सिंह अपने पैतृक आवास पर मौजूद नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में विजिलेंस की टीम घर में जांच कर रही है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई से कटिहार से लेकर छपरा और पटना तक हलचल मची हुई है। फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।