राज ठाकरे के छठ पूजा संबंधी बयान पर मंत्री का पलटवार, कहा- मानसिक दिवालियेपन के शिकार हैं राज ठाकरे
किशनगंज: सीमावर्ती किशनगंज जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन छठ व्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
इसी क्रम में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल शहर के धर्मगंज स्थित केला बागान छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों सहित देश एवं प्रदेश के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छठी मैया सभी का कल्याण करें, यही उनकी प्रार्थना है।
वहीं, महाराष्ट्र में राज ठाकरे द्वारा छठ पूजा को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री डॉ. जायसवाल ने उन्हें मानसिक दिवालियेपन का शिकार बताया। उन्होंने कहा कि आस्था और धार्मिक अनुष्ठानों के कार्यों का कोई भी समझदार एवं अच्छा व्यक्ति इस तरह विरोध नहीं करता। छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे पर्वों के प्रति सभी को सम्मान का भाव रखना चाहिए।