29.30 लाख कीमत आंकी गई
आरपीएफ और कटिहार की विशेष टीम ने कोच एस-3 से लावारिस हालत में जब्त किया गांजा
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आरपीएफ ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 29 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। यह खेप ट्रेन संख्या 15946 डाउन (डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस) के स्लीपर कोच से लावारिस हालत में जब्त की गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार को कटिहार से सूचना मिली थी कि डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-3 में संदिग्ध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ किशनगंज के अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एच पी सिंह और कांस्टेबल पी कुमार की टीम अलर्ट हो गई।
जैसे ही ट्रेन किशनगंज स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-2 पर पहुंची, टीम ने कोच एस-3 में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीट के नीचे लावारिस हालत में रखे गए 48 पैकेट बरामद हुए, जिनकी जांच करने पर कुल 58.6 किलोग्राम गांजा पाया गया।
बरामद खेप को प्लेटफार्म पर उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया और कटिहार टीम के सहायक अवर निरीक्षक एस घोष व कांस्टेबल अमित कुमार की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई।सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरपीएफ ने जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए किशनगंज रेल थाना को सौंप दिया।