छात्राओं ने नाटक के जरिए दिया रोकथाम का संदेश
दिघलबैंक /मुरलीधर झा
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय दुबरी में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए लोगों को इस कुप्रथा को रोकने का संदेश दिया।
नाटक के जरिए छात्राओं ने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि बेटियों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें अच्छी शिक्षा, बेहतर अवसर और अपने सपनों को साकार करने का मौका देना चाहिए।
इस जागरूकता कार्यक्रम में स्नेहा कुमारी, रानी कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी एवं तन्नू कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई। छात्राओं के अभिनय के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ प्रभावशाली संदेश दिया गया। उन्होंने समाज के लोगों से इस कुप्रथा का विरोध करने तथा बाल विवाह की घटनाओं को रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप नारायण सिंह, अशोक राम, अमन कुमार, मनीमाला दास, कुमारी कंचनमाला एवं भुवनेश्वर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।