कटिहार-वृहद आश्रय गृह कटिहार में किशोर न्याय अधिनियम 2015 एवं पॉक्सो अधिनियम 2012 को लेकर बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया।प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना में प्रतिनियुक्त बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति संवेदनशीलता ही असली पुलिसिंग है।उन्होंने कहा कि जब किसी मामले में कोई बच्चा थाना लाया जाता है।
तो वह अपराधी नहीं, बल्कि सहायता की उम्मीद लेकर आता है। उसके साथ बाल मैत्रीपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। प्रशिक्षण का उद्देश्य बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों को किशोर न्याय अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, जांच की प्रक्रिया एवं बाल मैत्रीपूर्ण व्यवहार के बारे में विस्तृत जानकारी देना था, ताकि बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जांच में विलंब नहीं हो। पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखी जाए और उसे किसी भी प्रकार का मानसिक दबाव न दिया जाए।वहीं संघर्षरत किशोरों के साथ सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाने,बाल कल्याण एवं संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात बतायी। वहीं पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध की परिभाषा, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, मेडिकल जांच एवं बयान दर्ज करने की विधि,बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका।
बच्चों से पूछताछ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां एवं बाल मैत्रीपूर्ण पुलिस स्टेशन की अवधारणा के साथ बाल विवाह,बाल तस्करी, बाल श्रम एवं गुमशुदा बच्चों के मामलों में पुलिस की भूमिका,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181, 112 की कार्यप्रणाली आदि बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि,बाल कल्याण समिति के सदस्य, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य भी उपस्थित रहे।अंत में प्रतिभागियों ने बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।