न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

निलंबन के बाद भी प्रभारी प्रधानाध्यापक ने नहीं सौंपा वित्तीय प्रभार

एमडीएम मद में विद्यालय के खाते में आए 1.91 लाख रुपए

समेली /कटिहार – प्रखंड के मध्य विद्यालय राजेंद्र पार्क डुमरिया की निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने प्रशासनिक प्रभार तो जूनियर शिक्षक को सौंप दिया है। लेकिन विद्यालय का वित्तीय प्रभार अब तक हस्तांतरित नहीं किया है। इतना ही नहीं निलंबन के बावजूद उनके अक्सर विद्यालय पहुंचने और वहां की गतिविधियों का संचालन करने के बाद वापस चले जाने की बात भी सामने आई है। इससे निलंबन अवधि में उनकी भूमिका और विद्यालय के वित्तीय प्रभार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्थापना आदेश के तहत 23 जून 2026 को रेणु कुमारी को निलंबित किया गया था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र बीआरसी कुर्सेला निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद विद्यालय के एमडीएम, जीओबी और बीएसएस सहित तीनों खातों का वित्तीय प्रभार अब तक जूनियर शिक्षक को नहीं सौंपा है। बताया गया कि जून से सितंबर 2026 के बीच मध्यान्ह भोजन मद में विद्यालय के खाते में 1 लाख 91 हजार 916 रुपए आए हैं।

वित्तीय प्रभार हस्तांतरित नहीं होने के कारण खाते के संचालन और भुगतान की व्यवस्था को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। निलंबन की कार्रवाई विद्यालय में अनियमितताओं से जुड़ी निरीक्षण रिपोर्ट और स्पष्टीकरण के आधार पर की गई थी। आदेश में 17 जनवरी 2026 के निरीक्षण का उल्लेख है। जिसमें विद्यालय में नामांकित 529 विद्यार्थियों के विरुद्ध मध्यान्ह भोजन की उपस्थिति 354 दर्ज थी। जबकि कक्षा एक से आठ तक वास्तविक उपस्थिति मात्र 26 पाई गई थी।

इसके अलावा पूर्व के निरीक्षणों में निर्धारित समय से पहले बच्चों की छुट्टी करने और एक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक भी विद्यार्थी नहीं मिलने जैसी बातें भी दर्ज की गई थीं। ये निलंबन आदेश में उल्लिखित आरोप और जांच से जुड़े तथ्य हैं।

इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी ने बताया कि निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापिका का मुख्यालय जहां निर्धारित किया गया है उन्हें वहीं रहना है। निलंबन अवधि में वे विद्यालय संचालन से संबंधित कार्य नहीं कर सकती हैं। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment