अररिया /बिपुल विश्वास
सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों को हावड़ा और कोलकाता के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है. इसको लेकर 13033/13034 कटिहार–हावड़ा एक्सप्रेस का विस्तार जोगबनी तक करने का प्रस्ताव रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा गया है. इस ट्रेन का विस्तार होने से अररिया, पूर्णिया, कटिहार सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के अलावा पड़ोसी देश नेपाल के यात्रियों को भी काफी लाभ मिल सकता है.
इस संबंध में डीआरसीसी सदस्य बछराज रखेजा एवं विनोद सरावगी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राकेश रौशन तथा बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव चंदन भगत ने रेलवे के उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ट्रेन के विस्तार की मांग की है.उन्होंने बताया कि वर्तमान समय-सारणी के अनुसार कटिहार–हावड़ा एक्सप्रेस सुबह करीब 10 बजे कटिहार पहुंचती है और शाम 3:30 बजे हावड़ा के लिए रवाना होती है.इस तरह ट्रेन को कटिहार में लगभग साढ़े पांच घंटे का समय मिलता है.
प्रस्ताव है कि इस अवधि का उपयोग करते हुए ट्रेन को कटिहार से जोगबनी तक विस्तारित किया जाए. इसके तहत ट्रेन करीब साढ़े चार घंटे में कटिहार से जोगबनी आकर पुनः कटिहार लौट सकती है और अपने निर्धारित समय पर हावड़ा के लिए रवाना हो सकती है. प्रस्ताव की खास बात यह है कि ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण (प्राइमरी मेंटेनेंस) हावड़ा में ही होता है. ऐसे में मौजूदा रेक का बेहतर उपयोग करते हुए जोगबनी तक विस्तार की संभावना तलाशी जा सकती है. इससे अलग से नया रेक उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी.रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिहाज से इस मांग को महत्वपूर्ण बताते हुए सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में जोगबनी–कोलकाता एक्सप्रेस में यात्रियों की काफी भीड़ रहती है.
सीमांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग हावड़ा और कोलकाता की यात्रा करते हैं, लेकिन अररिया, फारबिसगंज और जोगबनी सहित आसपास के यात्रियों को हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन सुविधा का पर्याप्त विकल्प नहीं मिल पाता है. उन्होंने कहा कि जोगबनी भारत-नेपाल सीमा का प्रमुख रेलवे स्टेशन है. यहां नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में यात्री रेल यात्रा के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में कटिहार–हावड़ा एक्सप्रेस का विस्तार जोगबनी तक होने से सीमांचल और नेपाल के यात्रियों को हावड़ा के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को भी आवागमन में सहूलियत होगी.सदस्यों का मानना है कि कटिहार में उपलब्ध साढ़े पांच घंटे के समय का सदुपयोग कर रेलवे अपने मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकता है.
इससे नई ट्रेन शुरू करने की तुलना में कम संसाधनों में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की संभावना बनेगी. उन्होंने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे सहित रेलवे के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि जनहित से जुड़े इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए 13033/13034 कटिहार–हावड़ा एक्सप्रेस का विस्तार जोगबनी तक करने की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल की जाए, ताकि सीमांचल और नेपाल की जनता को हावड़ा के लिए सीधी एवं बेहतर रेल सुविधा मिल सकें.