कृषि विभाग की छापेमारी में भारी मात्रा में सामग्री बरामद
कोढ़ा /कटिहार – थाना क्षेत्र में अवैध रूप से फफूंदनाशक दवा तैयार करने वाली एक मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ है। गेडाबाडी के कटिहार मार्ग स्थित नहर पुल के समीप एक मकान में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का खुलासा किया।कार्रवाई के दौरान ब्रांडेड कंपनी के नाम पर दवा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, मशीन, पैकिंग उपकरण और ब्रांड के रेपर भारी मात्रा में बरामद किए गए।
मौके पर मौजूद सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जय किशन कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्थान पर अवैध रूप से ब्रांडेड कंपनी के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित की गई और चिन्हित मकान में छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान आलू की फसल के लिए उपयोगी मानी जाने वाली ‘साफ’ नामक फफूंदनाशक दवा के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, मशीनें, पैकिंग के उपकरण और कंपनी के नाम वाले रेपर बरामद किए गए।
बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर थाना लाया गया है।अधिकारी के अनुसार सरदार बलवीर सिंह के मकान में किराए पर रहकर मुंगेर निवासी मुकेश कुमार कथित तौर पर इस मिनी फैक्ट्री का संचालन अवैध रूप से कर रहा था। प्रथम दृष्टया ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद तैयार किए जाने का मामला सामने आया है।
सहायक निदेशक ने बताया कि मामले में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कृषि उत्पादों का निर्माण एवं बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।