न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अररिया में शगुन ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा, मालदा-साहिबगंज गैंग के दो गिरफ्तार

गैस कटर से शटर काटकर की थी करोड़ों की चोरी, 5.330 किलो चांदी के जेवर-बर्तन और सोने के आभूषण बरामद, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वैन भी जब्त

अररिया/अरुण कुमार

अररिया में एसपी आवास के महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित शगुन ज्वेलर्स दुकान में हुई भीषण चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। 18 नवंबर की रात गैस कटर से दुकान का शटर काटकर सोने-चांदी के आभूषण और कीमती बर्तन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण एवं बर्तन के साथ सोने के कई आभूषण बरामद किए हैं। वहीं, चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप वैन भी जब्त की गई है।

मंगलवार देर शाम एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी जितेंद्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 18 नवंबर को अररिया नगर थाना क्षेत्र स्थित शगुन ज्वेलर्स दुकान का शटर गैस कटर से काटकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण एवं बर्तन चोरी कर लिए थे। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 568/2026, दिनांक 19 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 334(1)/303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय स्रोतों के आधार पर लगातार छापेमारी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर निवासी 39 वर्षीय उज्ज्वल मंडल, पिता नागेन मंडल तथा मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बबला बाजार निवासी 54 वर्षीय अफसर खान, पिता स्वर्गीय कुतुबद्दीन खान के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण एवं अन्य सामान झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के मालदा से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई डब्ल्यूबी-65ई-3367 नंबर की पिकअप वैन भी जब्त की है।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का लॉकेट, एक सोने का कंगन, एक सोने की चूड़ी, छह पीस शंखापोला चूड़ियां, लाल रंग की शंखापोला चूड़ियां तथा चांदी के आभूषण, बर्तन एवं अन्य सामग्री शामिल हैं। बरामद चांदी के सामान का कुल वजन 5 किलो 330 ग्राम बताया गया है।

एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।

छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, एसआई मुकेश कुमार, गोरख कुमार, अमित कुमार, डीआईयू टीम तथा पूर्णिया एसटीएफ के जवान शामिल थे।

Share this news

Leave a Comment