किशनगंज /प्रतिनिधि
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बगलबाड़ी पुल के समीप एक व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी के फिराक में है। सूचना मिलते ही कोचाधामन थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से 65 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, 23,670 रुपये नकद एवं एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ और नकद राशि को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ एवं जांच के क्रम में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब उन लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में कोचाधामन थाना कांड संख्या 583/26 के तहत NDPS Act की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ जारी है।