न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दवा दुकान और गोदाम की आड़ में प्रतिबंधित कफ सिरप का कारोबार, छह गिरफ्तार

17,390 बोतल  कफ सिरप जब्त, कीमत 33.21 लाख रुपये; किशनगंज के दवा व्यवसायी चंदन पोद्दार का नाम आया सामने

चाकुलिया (उत्तर दिनाजपुर): पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर में पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा किया है। दवा दुकान और गोदाम की आड़ में चल रहे इस कारोबार पर संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने 17,390 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इसकी कुल मात्रा 1,739 लीटर बताई गई है। जब्त कफ सिरप की कीमत 191 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से 33 लाख 21 हजार 490 रुपये आंकी गई है। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस कारोबार को संचालित करने वाले दवा व्यवसायी की पहचान चंदन पोद्दार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के माछमारा का निवासी है। उसने रामपुर में दुकान और गोदाम किराये पर लेकर कथित तौर पर प्रतिबंधित कफ सिरप का कारोबार शुरू कर रखा था। प्रारंभिक जांच में बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।

सोमवार को इस्लामपुर पुलिस जिले की एंटी क्राइम ब्रांच, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और चाकुलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद हुआ और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनगंज के चुड़ीपट्टी वार्ड संख्या-15 निवासी मो. मुन्ना (23), टेकना वार्ड संख्या-2 निवासी सोहराब अली (27), खगड़ा पासवान टोला वार्ड संख्या-32 निवासी अर्जुन पासवान (20), खगड़ा मछमारा वार्ड संख्या-33 निवासी रोशन कुमार (19), खगड़ा मछमारा वार्ड संख्या-31 निवासी अजय कुमार पोद्दार (30) तथा पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर रामपुर निवासी तपन दास (48) के रूप में हुई है।

पुलिस अब जांच कर रही है कि कफ सिरप की इतनी बड़ी खेप कहां से मंगाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में भेजने की योजना थी। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment