बंद घर का ताला तोड़कर 25 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी के आभूषण और नकदी की हुई थी चोरी, पुलिस ने आरोपी के घर से आभूषण व 540 रुपये किए बरामद
संवाददाता/किशनगंज
जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कांड में संलिप्त एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किए गए सोने जैसे धातु के आभूषण और 540 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को गलगलिया थाना क्षेत्र के खोड़ीबाड़ी वार्ड संख्या-12 निवासी वादी महादेव महतो अपने परिवार के साथ घर में ताला बंद कर सुबह करीब 6:30 बजे बाहर गए थे। सुबह करीब 9:30 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर की अलमारी का ताला टूटा हुआ है। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर करीब 25 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली थी।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर गलगलिया थाना कांड संख्या 116/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 305(a) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक कुमार (18 वर्ष), पिता मोतीलाल महतो, निवासी खोड़ीबाड़ी, थाना गलगलिया, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के मामले में सोने जैसे धातु से बने दो झुमके, दो कान के टॉप, दो बाली, एक मांगटीका, एक नोजपिन और 540 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंत, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुस्ताक, गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रवि रंजन, अमित कुमार, सशस्त्र बल के जवान एवं चालक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।