विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
बरेटा क्रीड़ा मैदान की होगी घेराबंदी
धान खरीदारी को लेकर किसान की शिकायत पर बीसीओ से मांगा जवाब
फलका/कटिहार – मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में संचालित महत्वाकांक्षी ‘कायाकल्प योजना’ के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने के लिए बुधवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने फलका प्रखंड का सघन दौरा किया।इस दौरान उन्होंने सोहथा उत्तरी पंचायत स्थित प्लस-टू शिवनारायण सर्वोदय उच्च विद्यालय बरेटा, बुनियादी विद्यालय बरेटा और आंगनबाड़ी केंद्र का स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने विद्यालय परिसरों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों, कक्षाओं की स्थिति, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से पठन-पाठन की जानकारी लेते हुए बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।वहीं आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार, टीकाकरण और केंद्र के रखरखाव की समीक्षा की।
डीएम ने पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को सख्त निर्देश दिया कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।इस दौरान जिलाधिकारी ने बरेटा के क्रीड़ा मैदान और पंचायत सरकार भवन समीप सरकारी पोखर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कायाकल्प योजना’ के तहत बरेटा फील्ड की घेराबंदी कराने की बात कही।
वहीं निरीक्षण के क्रम में गोपालपट्टी के किसान रामनारायण मंडल ने डीएम के समक्ष समस्या रखते हुए बताया कि पैक्स अध्यक्ष द्वारा उन लोगों का धान नहीं खरीदा जा रहा है।इस पर डीएम ने तत्काल प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी से सोहथा उत्तरी पंचायत में धान अधिप्राप्ति नहीं होने तथा पैक्स के ऑडिट की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
बीसीओ ने बताया कि सोहथा उत्तरी का पैक्स वर्ष 2014 में ही डिफॉल्टर घोषित हो चुका है, हालांकि इस वर्ष इसका ऑडिट पूरा कर लिया गया है और धान खरीद शुरू करने के लिए प्रस्ताव जिला मुख्यालय भेजा गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में फलका के सालेहपुर और शब्दा पंचायत में धान की खरीदारी सुचारू रूप से चल रही है। निरीक्षण के दौरान डीडीसी डॉक्टर नेहा कुमारी,एडीएम डॉ. बिनोद कुमार,एसडीओ सूरज कुमार,डीपीआरओ योगेन्द्र कुमार,बीडीओ सन्नी सौरभ, बीएओ सौरभ कुमार,बीसीओ शत्रुघन मंडल,थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव,मुखिया प्रतिनिधि संजय झा सहित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे ।