सर्विस रोड पर बसों के परिचालन की व्यवस्था
कोढ़ा /कटिहार – जिला पदाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी में वर्षों से चली आ रही अतिक्रमण की समस्या के समाधान को लेकर नगर प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई किया है। सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर लगने वाले जाम से आम लोगों को काफी राहत मिली है।
अतिक्रमण हटने से बाजार में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा सुगम हुई है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शाहनवाज राजा ने बताया कि सर्विस रोड से नवगछिया और भागलपुर जाने वाली बसों का परिचालन कराया जाएगा। वहीं पूर्णिया और फलका की ओर जाने वाली बसों के लिए भी सर्विस रोड मुख्य मार्ग होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहनों का पड़ाव नहीं होगा, जिससे मुख्य सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री शेड के सामने बसों के रुकने की व्यवस्था की गई है। निर्धारित स्थान के अलावा अन्य जगहों पर बस रोकने वाले वाहनों का चालान काटा जाएगा। साथ ही दुकानदारों को भी चिह्नित स्थानों पर ही दुकान लगाने का निर्देश दिया गया है।
कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाजार में यातायात व्यवस्था बाधित करने या अनावश्यक रूप से अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नगर पंचायत प्रशासन की ओर से जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासनिक व्यवस्था से बाजार में जाम की समस्या से स्थायी निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।