सीओ से लगाई न्याय की गुहार
कर्णपुर के पहाड़ी टोला में सरकारी जमीन घेरकर जबरन मकान निर्माण का आरोप
मुख्यमंत्री को भी भेजा आवेदन
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड क्षेत्र के कर्णपुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित पहाड़ी टोला में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इसको लेकर संजीव पहाड़ी एवं उनके परिजनों ने बारसोई अंचलाधिकारी को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले से मुख्यमंत्री को भी पत्राचार कर अवगत कराया गया है। आवेदन में बताया गया है कि खाता संख्या 254, खसरा संख्या 545 एवं रकवा लगभग 12 डिसमिल जमीन पर संजीव पहाड़ी एवं उनके परिजन लंबे समय से निवास करते आ रहे हैं। आवेदक का दावा है कि उक्त जमीन का पर्चा भी उनके परिवार के नाम से निर्गत है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा रुपये लेकर जमीन के खाली सरकारी हिस्से को टीन से घेरकर जबरन मकान का निर्माण कराया जा रहा है।
आवेदन में विवेक कुमार, रितेश कुमार, गुड्डू उर्फ देवाशीष घोष, बादल घोष, अमरनाथ घोष एवं दुखीचंद्र घोष पर बलपूर्वक मकान बनवाकर उसे किराये पर लगाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने अंचल प्रशासन से जमीन की अभिलेखीय जांच एवं स्थलीय निरीक्षण कराकर कथित अवैध कब्जे पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
इस अवसर वार्ड सदस्य प्रतिनिधि आशीष कुमार घोष, संजीत पहाड़ी, उपेन दास, उमा कुमारी बनिका देवी, बिरोजा देवी, शिवानी देवी, बैसाखी देवी, बजरी देवी, विकास, दुर्गा घोष, प्रसनजीत आदि मुख्य रूप से मौजूद रहें।