शिक्षण व्यवस्था में सुधार लाने का दिया निर्देश
कटिहार–जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुद्धवार को +2 पीएम श्री जेएनसी उच्च विद्यालय बरेटा सेमापुर बरारी एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय नवाबगंज समेली का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति, पठन-पाठन,स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना का बारीकी से जायजा लिया।इस क्रम में उन्होंने वर्ग कक्ष में जाकर छात्र-छात्राओं से सवाल कर उनके ज्ञान को परखा।जिला पदाधिकारी ने कक्षा 9वीं,10वीं एवं 12वीं कक्षा में बच्चों से गणित, विज्ञान एवं हिंदी विषय के प्रश्न पूछे तथा उनकी पढ़ाई की जानकारी ली।
बच्चों को मन लगाकर पढ़ने एवं नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति पंजी की जांच के कम में डीएम ने प्रधानाध्यापक को अनुपस्थित रहने वाले छात्रों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में शौचालय,पेयजल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला,खेल मैदान का भी भौतिक निरीक्षण कर जर्जर कक्षों की मरम्मत,पुस्तकालय को क्रियाशील बनाने तथा प्रयोगशाला में नियमित प्रायोगिक कक्षा संचालन कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच के क्रम में भोजन कक्ष एवं परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।जबकि मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की आगामी परीक्षा को देखते हुए उन्होंने कमजोर छात्रों के लिए विशेष अतिरिक्त कक्षा संचालित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श विद्यालय के रूप में इस विद्यालय की पहचान को और मजबूत करना है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त डाॅ. नेहा कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ,अपर समाहर्ता आपदा फिरोज अख्तर,विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।