कुरसेला /कटिहार – एनएच 31 पर बुधवार की शाम शहीद स्मारक के निकट स्पीड ब्रेकर के पास आगे निकलने की कोशिश में कार और हाइवा के बीच हल्की टक्कर हो गई। ठोकर लगने के बाद कार सवार लोगों और हाइवा चालक के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी मची रही और यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्पीड ब्रेकर पार करने के दौरान कार चालक ने बायीं ओर से निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान हाइवा से कार में हल्की ठोकर लग गई।
हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने यातायात सामान्य कराने के बाद कार और हाइवा दोनों को जब्त कर मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी थी।