संवाददाता/किशनगंज
भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से सोमवार को स्थानीय टाउन हॉल के समक्ष कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सांसद बिमोल आंगमचा और राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह ने किया।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के कथित यौन शोषण मामले को लेकर कांग्रेस पर आरोपी सांसद को संरक्षण देने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने मामले में छात्राओं की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराए जाने का हवाला देते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।
मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य शिशिर दास ने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर मामले में कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संबंधित सांसद को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के अपमान का मुद्दा उठाया।
विरोध प्रदर्शन में प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक अजीत दास, जिला मंत्री जय किशन प्रसाद, सुबोध माहेश्वरी, राजेश गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, गगनदीप सिंह, अमरदीप शर्मा,मानव कुमार, देव गुप्ता और टिंकू साहनी सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुबोध माहेश्वरी ने दी।