किशनगंज/प्रतिनिधि
तीन वर्ष पूर्व विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद किशनगंज सदर थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर बारीकी से अनुसंधान कर रही है।इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस उत्पाद कार्यालय पहुंची और संबंधित समयावधि के सीसीटीवी फुटेज की मांग की।
जानकारी के अनुसार, तीन वर्ष पहले मृतक उबैद आलम को उत्पाद विभाग ने शराब मामले में गिरफ्तार किया था और वहीं से न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई थी। पुलिस यह खंगाल रही है कि गिरफ्तारी व आगे की प्रक्रिया के दौरान क्या घटनाक्रम हुआ और मौत के पीछे के वास्तविक तथ्य क्या हैं। यहां बता दें की शहर के लाइन मस्जिद चौक निवासी उबैद आलम की 25 अक्टूबर 2023 को भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
उस वक्त पुलिस ने इसे अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी केस) मानकर जांच शुरू की थी।हालिया समीक्षा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया। चिकित्सकीय रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के सीने, पेट और दाहिने कूल्हे पर मौत से पहले की चोट के निशान पाए गए थे, जिससे हुए अत्यधिक रक्तस्राव और सदमे के कारण उसकी जान गई थी।
सदर अंचल कार्यालय की समीक्षात्मक टिप्पणी के आधार पर पूर्व के यूडी कांड को हत्या में बदलने का निर्देश दिया गया। इसके बाद 23 नवंबर को किशनगंज सदर थाना में कांड संख्या 1271/26 के तहत अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। अब पुलिस हर पहलू की गहन पड़ताल में जुटी है।