संविधान दिवस पर दिलाई गई संविधान के प्रस्तावना की शपथ।
कटिहार-संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान के प्रस्तावना की शपथ दिलाई। समाहरणालय परिसर में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने एक साथ खड़े होकर जिलाधिकारी के साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों का रक्षक है,तो कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इस संविधान को अंगीकृत किया था। इसी की याद में हम हर वर्ष संविधान दिवस मनाते हैं।उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता का अधिकार दिया है। इसके साथ ही हमें मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की भी जिम्मेदारी दी है।सभी सरकारी सेवकों को संविधान के अनुरूप निष्पक्ष रह कर पारदर्शी तरीके से जनहित में कार्य करना चाहिए।
जिला पदाधिकाली ने कहा कि युवाओं को संविधान के मूल्यों को समझना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे संविधान में निहित मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों में अपनाएं और आम जनता को न्यायपूर्ण एवं संवेदनशील सेवा प्रदान करें।जिलान्तर्गत अन्य सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं पंचायतस्तर पर भी संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डाॅ.नेहा कुमारी, अपर समाहर्ता डाॅ. बिनोद कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिलास्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं समाहरणालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे।