समेली प्रखंड के पंचायत सरकार भवन, चांदपुर पूर्वी में गुणवत्तापूर्ण कार्य का दिया निर्देश
कटिहार–कायाकल्प अभियान के तहत जिले में सरकारी भवनों के जीर्णोद्धार, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने समेली प्रखंड अन्तर्गत पंचायत सरकार भवन, चांदपुर पूर्वी में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के रंग-रोगन, मरम्मत,परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं अभिलेखों के रख-रखाव की बारीकी से जांच की एवं कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि रंग-रोगन का कार्य निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप हो।
इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वहीं संबंधित पदाधिकारियों को पंचायत सरकार भवन को सुविधायुक्त बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण जनता का अपना भवन है। यहां आम लोगों को सभी सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलनी चाहिए। इसलिए भवन न सिर्फ बाहर से सुंदर दिखे, बल्कि अंदर से भी व्यवस्थित, साफ-सुथरा और सुविधायुक्त होना चाहिए। उन्होंने भवन में सभी विभागों के लिए नाम पट्ट, सूचना पट्ट एवं नागरिक सुविधा पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया।वहीं सभा कक्ष,आरटीपीएस काउंटर एवं अभिलेखागार को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि भवन परिसर में वृक्षारोपण, पार्किंग एवं दिव्यांगजनों के लिए रैंप की व्यवस्था,सोलर लाइट एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो।जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी समेली एवं मुखिया,चांदपुर पूर्वी को जीर्णोद्धार कार्य को निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराने और कार्य पूर्ण होने के बाद भवन के रख-रखाव की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण को आये जिला पदाधिकारी से मिलकर स्थानीय लोगों ने पंचायत सरकार भवन के जीर्णोद्धार कराये जाने को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने का झंझट नहीं रहेगा। निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त डा.नेहा कारी,सदर अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी,स्थानीय मुखिया एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।