न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज के 11 साल के अब्दुल्ला मोअज्जम ने ऑस्ट्रेलिया में रच दिया इतिहास, जिले भर से मिल रही है बधाइयां

किशनगंज जिले के एक छोटे से गांव के 11 साल के बच्चे ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है। बहादुरगंज प्रखंड के महेशबथना गांव के रहने वाले अब्दुल्ला मोअज्जम ने ऑस्ट्रेलिया के सबसे कठिन माने जाने वाले ‘NSW सिलेक्टिव हाई स्कूल प्लेसमेंट टेस्ट’ को पास कर लिया है।

इस सफलता के बाद अब्दुल्ला को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स स्थित प्रतिष्ठित ‘नॉर्थ सिडनी बॉयज हाई स्कूल’ में कक्षा 7 में दाखिले का ऑफर मिला है। यह स्कूल पूरे राज्य के सबसे बेहतरीन और चुनिंदा लड़कों के स्कूलों में गिना जाता है। यहां हर साल कक्षा 7 में सिर्फ 150 सीटें होती हैं, जिसके लिए पूरे न्यू साउथ वेल्स से हजारों छात्र प्रतिस्पर्धा करते हैं। इतने कठिन मुकाबले में जगह बनाना अब्दुल्ला की बड़ी उपलब्धि है।

यह अब्दुल्ला की पहली बड़ी सफलता नहीं है। इससे पहले क्लास 4 में उन्होंने ‘NSW अपॉर्चुनिटी क्लास प्लेसमेंट टेस्ट’ भी पास किया था। इसके बाद उन्हें ‘अलेक्जेंड्रिया पार्क कम्युनिटी स्कूल’ की अपॉर्चुनिटी क्लास में कक्षा 5 और 6 में पढ़ने का मौका मिला था। इस क्लास में सिर्फ 30 सीटें होती हैं, जिसे होनहार छात्रों के लिए ही बनाया गया है।

अब्दुल्ला अपने परिवार के साथ सिडनी में रहते हैं, लेकिन अपनी जड़ों से गहराई से जुड़े हैं। स्कूल की छुट्टियों में वे अपने पैतृक गांव महेशबतना जरूर आते हैं। वे मरहूम हाजी मजीदुर रहमान के पोते और इंजीनियर मोहम्मद आरिफ के नाती हैं। उनकी मां सिडनी में एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, जबकि पिता शौकत मोअज्जम NSW हेल्थ से जुड़े रहे हैं।

अब्दुल्ला की इस सफलता से परिवार ही नहीं, पूरा किशनगंज जिला गौरवान्वित है। जिले भर से उन्हें बधाइयां मिल रही है और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Share this news

Leave a Comment