फलका /कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के रहटा – पिरमोकाम ग्रामीण सड़क पर बीते 17 नवंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी बाइक सवार युवक की इलाज के क्रम में पटना के एक अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान छपन्ना गांव निवासी प्रदीप साह के 35 वर्षीय पुत्र नंदकिशोर साह के रूप में हुई है।घटना के संबंध में मृतक के पिता प्रदीप साह ने पुलिस को बताया कि नंदकिशोर बीते 17 नवंबर को किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा पिरमोकाम जा रहा था।
इसी दौरान रहटा-पिरमोकाम ग्रामीण सड़क पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी और मौके से फरार हो गया।हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।बेहतर इलाज के लिए उसे पटना ले जाया गया, जहां गुरुवार की अहले सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।युवक का शव छपन्ना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।पीड़ित परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय मुखिया राजेश रंजन को दी, जिन्होंने तत्काल इसकी जानकारी थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुट चुके थे। वहीं इस दुखद घटना को लेकर प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह, मुखिया राजेश रंजन, सरपंच चंदन मंडल सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के आर्थिक सहयोग के लिए आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।