बहादुरगंज/निसार अहमद
मजार रोड के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से सड़क पार कर रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में महिला के साथ जा रही उनकी 8 वर्षीय नतनी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज हायर सेंटर में जारी है। जहाँ मृतका की पहचान मनोरमा देवी पति गोविंद झा शिवपुरी रोड बहादुरगंज निवासी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मनोरमा देवी अपनी 8 वर्षीय नतनी के साथ शिवपुरी चौक स्थित अपने आवास से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजार रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय झांसी रानी चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने मजार चौक के समीप उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोरमा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 8 वर्षीय नतनी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
वही अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की गैर मौजूदगी पर लोगो द्वारा नाराजगी जाहिर की गई ।अस्पताल पहुंचे रमेश कुमार ने कहा कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का मोबाइल ऑफ रहता है और यदि वो बाहर जाती है तो उन्हें प्रभार देकर जाना चाहिए ।स्थानीय लोगों द्वारा चिकित्सा पदाधिकारी पर कारवाई की मांग की गई है।रमेश कुमार ने कहा कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी कई वर्षों से यहां पदस्थापित है और वो स्थानीय विधायक एवं जिला प्रशासन से मांग करते है कि उनके खिलाफ अविलंब कारवाई की जाए।