न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

KatiharNews:पटसन लदा ट्रैक्टर पलटने से दो सगे भाइयों की मौत

कुसियारी गांव के समीप हादसे में तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

ट्रैक्टर के नीचे दबने से गई जान

कटिहार – पटसन की कटाई कर घर लौट रहे मजदूरों के लिए सोमवार का सफर काल बन गया। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के कुसियारी मोड़ इमलीगाछ के समीप पटसन लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक समेत तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बरारी प्रखंड के हाशिमपुर नया टोला वार्ड संख्या तीन निवासी ट्रैक्टर चालक समेत पांच मजदूर फलका प्रखंड क्षेत्र के खेतों से पटसन काटकर ट्रैक्टर पर लाद रहे थे। इसके बाद सभी पटसन लेकर बरारी लौट रहे थे। इसी दौरान पोठिया-डूमर सड़क पर कुसियारी गांव के समीप मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर में अचानक ब्रेक लगाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

घटना में अरशद अली के दो पुत्र मोहम्मद सद्दाम (35) और मोहम्मद मनीर (50) ट्रैक्टर के नीचे दब गये। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक मोहम्मद तौफीक (32), मनिरुल इस्लाम (32) और मोहम्मद अनवर (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई चांदनी कुमारी और बिहार पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जांच के बाद स्पष्ट होंगी।

Share this news

Leave a Comment