कोढा /कटिहार-कोढ़ा नगर पंचायत स्थित कोढ़ा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में लगे वाटर कूलर के पाइप को चोरों द्वारा उखाड़ लिए जाने का मामला सामने आया है। दुर्गा पूजा के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना के बीच इस घटना ने पेयजल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने से लोगों में नाराजगी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए वाटर कूलर को दोबारा चालू कराने की पहल की। उन्होंने दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए फिर से बोरिंग कराने और नया पाइप लगाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
मुख्य पार्षद ने मिस्त्री और सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि हर हाल में आज ही पानी की आपूर्ति शुरू कराने की व्यवस्था की जाए।
उनका उद्देश्य है कि पूजा के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।धार्मिक स्थल पर जनसुविधा को नुकसान पहुंचाने वाली इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि पाइप उखाड़ने की इस घटना को लेकर संबंधित स्तर पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल, मुख्य पार्षद की पहल से वाटर कूलर को फिर से चालू कराने की कवायद तेज कर दी गई है, ताकि दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।