कटिहार – आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कटिहार रेल जिला में जीआरपी एवं आरपीएफ की ओर से संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेल एसपी हरिशंकर कुमार के निर्देश पर रेल क्षेत्र में चलाए गए दो दिवसीय अभियान में 11 कांड दर्ज किए गए तथा सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 95.370 लीटर विदेशी शराब और चोरी के छह मोबाइल बरामद किए गए।
वहीं बिना टिकट यात्रा करने वाले 274 यात्रियों से 1,45,660 रुपये जुर्माना वसूला गया। रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा रेल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेनों में एस्कॉर्ट, रात्रि गश्त और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
उन्होंने यात्रियों से सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में रेल पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर – 9031828554 पर तत्काल सूचना देने की अपील किया।वहीं रेलवे स्टेशनों पर रेल पुलिस द्वारा संयुक्त जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।