न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जमीन विवाद में एसटी परिवार पर हमले का मामला गरमाया,आयोग के सदस्य पहुंचे पीड़ितों के घर

घायल महिलाओं का सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नामजद आरोपी को भेजा जेल

कोढ़ा /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र की बावनगंज पंचायत के बड़गांव वार्ड संख्या-3 में 19 सितंबर को जमीन विवाद को लेकर अनुसूचित जनजाति एसटी परिवार पर हुए हमले का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना में कई महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने के बाद बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद और अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर अशोक सिंह, लालबाबू सिंह,राजीव कुमार सिंह, रामजी सिंह और उनके अन्य सहयोगियों ने एसटी समाज के परिवारों पर हमला कर दिया था। इस घटना में अनीता देवी,सोनी देवी, सेखाली देवी, गायत्री देवी,सतनी देवी और मोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद सभी घायल महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें सिलीगुड़ी रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायल महिलाओं का इलाज सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने कोढ़ा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अशोक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि मामले में शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं आयोग के सदस्य तल्लू बास्की ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। घटना के बाद पीड़ित परिवार की नजर अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

Share this news

Leave a Comment