फलका/कटिहार – फलका थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।स्टेट हाईवे-77 पर चंदवा नया नगर गांव के समीप एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी में सवार एक ही परिवार के कुल पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
घटना में घायल हुए सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना अंतर्गत गरेल गांव के निवासी हैं।जख्मियों की पहचान सहदेव मिश्रा (70) ,विंध्यवासिनी देवी (65),बीरेंद्र मिश्रा (45), अनन्या मिश्रा (14),बंसिका मिश्रा (13) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पूरा परिवार टाटा नगर झारखंड से ट्रेन द्वारा वापस अपने घर पूर्णिया लौट रहा था। सभी लोग कुरसेला स्टेशन पर ट्रेन से उतरे और वहां से गरेल गांव जाने के लिए एक स्कॉर्पियो वाहन से निकले।
जैसे ही स्कॉर्पियो चंदवा नयानगर गांव के पास स्टेट हाईवे-77 पर पहुँची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सीएचसी फलका लाया गया। डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।