सागर चंद्रा/किशनगंज
पुलिस को घर में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किए गए सोने और चांदी के जेवरात सहित 25 हजार रुपए नगदी भी बरामद की गई है।यह कार्रवाई एसपी संतोष कुमार के निर्देशन और ठाकुरगंज के अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंत के नेतृत्व में पहाड़कट्टा थाना पुलिस द्वारा की गई है।
किशनगंज पुलिस के द्वारा सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया की 10 अक्टूबर को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के दामलबाड़ी निवासी सहर अबू के बंद घर से करीब 44 भरी सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। पीड़ित के आवेदन के आधार पर पहाड़कट्टा थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।मामला दर्ज होने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चोरी के आभूषणों और 25 हजार रुपए नगदी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजरुन निशा निवासी काशीबाड़ी, पहाड़कट्टा व बिट्टू कर्मकार लाल निवासी फुलहरा,पहाड़कट्टा के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से 2 जोड़ी झुमका,3 पीस लॉकेट,2 पीस तेहरा, 1 जोड़ी बेसर और 2 पीस अंगूठी,
चांदी के आभूषण में 11 पीस अंगूठी, 4 पीस चैन, 2 जोड़ा पायल, 1 पीस गोट, 1 पीस कमरबंद, 1 पीस टूटा हुआ घड़ी, और 1 जोड़ी ताबीज बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।