इरफान/पोठिया (किशनगंज)
दुर्गा पूजा के मद्देनजर चलायें जा रहे विशेष गश्ती के दौरान पोठिया थाना की पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 91.625 लीटर प्रतिबंधित विदेशी शराब के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। तस्कर विदेशी शराब की इस खेप को सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से पोठिया के रास्ते कटिहार ले जाने की फिराक में थे। बता दें कि दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे सोमवार की सुबह पुलिस बल के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे।
इसी दौरान इस्लामपुर-पोठिया सड़क मार्ग के बाघमारा रेलवे फाटक के समीप पुलिस की नजर एक टेम्पू से उतरते हुए तीन संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों युवक घबराकर इधर-उधर भागने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैगों में से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद आरोपियों ने शराब तस्करी की बात स्वीकार की।
पकड़े गए तीनों आरोपित कटिहार जिले का रहने वाला हैं, जो त्योहार के सीजन में शराब की बड़ी खेप बंगाल से ले जा रहा था। आरोपितों की पहचान सुरेश यादव (38 वर्ष) पिता स्व रामचंद्र यादव, राजा यादव उर्फ भारत यादव (48 वर्ष) पिता राजू यादव व सबीत यादव (35 वर्ष) पिता दिलीप यादव तीनों निवासी ग्राम नयाटोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
इस सम्बंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने कहा कि गश्ती के दौरान तीन युवकों से 91.625 लीटर प्रतिबंधित विदेशी शराब बरामद किया गया है। मामले में कांड दर्जकर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ पोठिया पुलिस का छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।