न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और दिघलबैंक पुलिस की संयुक्त गश्ती, तस्करी व असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को 19वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला के जवानों तथा दिघलबैंक थाना पुलिस ने संयुक्त गश्ती अभियान चलाया। अभियान से पहले एसएसबी और पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीमा क्षेत्र की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई।


धनतोला कंपनी मुख्यालय के कमांडर सहायक कमांडेंट आदित्य गुप्ता के नेतृत्व में एसएसबी जवानों और पुलिस बल ने आपसी समन्वय के साथ इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड के मुलाबाड़ी, धनतोला सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से गश्ती की गई।

सीमा सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर हुई चर्चा

संयुक्त गश्ती से पूर्व आयोजित समन्वय बैठक में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, सीमा पार तस्करी पर अंकुश लगाने, असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा भारत-नेपाल की खुली सीमा के जरिए होने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एसएसबी और पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल और सूचना के आदान-प्रदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही संयुक्त गश्ती अभियान जारी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने पर सहमति जताई गई।

ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव पैदा करना भी उद्देश्य

संयुक्त गश्ती अभियान का उद्देश्य केवल तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना ही नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी है। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया।
इस अभियान में एसएसबी और दिघलबैंक थाना पुलिस के आधे दर्जन से अधिक जवान एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों के आपसी समन्वय के साथ चलाए गए इस अभियान को सीमावर्ती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment