हसनगंज /कटिहार -हसनगंज प्रखंड अंतर्गत जगरनाथपुर पंचायत के पीरु पिपरा गांव के वार्ड संख्या 15 में रविवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में दो सगे भाइयों दिलीप महतो और समरू महतो के दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। अगलगी में नगदी रुपये, जमीन के कागजात, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, अनाज, साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए।
पीड़ित परिवारों के अनुसार करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने कि बात कही। जानकारी के अनुसार घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और देखते ही देखते दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों से उठती ऊंची लपटों को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरों में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।
वही पूर्व प्रमुख मनोज कुमार मंडल और मनोहर कुमार ने बताया कि कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, अनाज और अन्य जरूरी सामान के साथ मखाना बेचकर रखे गए रुपये भी जल गए। इस घटना से दोनों परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।वहीं, अंचलाधिकारी कृष्ण मोहन कुमार ने बताया कि अगलगी की घटना की विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।