न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सड़क निर्माण की मांग को लेकर सिरका टोलावासियों ने किया प्रदर्शन

सड़क के आभाव में बाढ़ व बरसात में ग्रामीण होते हैं परेशान

कदवा/कटिहार—प्रखंड क्षेत्र के धपरसिया पंचायत स्थित सिरका टोला, वार्ड संख्या 11 के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सड़क नहीं बनने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक को हस्ताक्षरित आवेदन देकर सड़क निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे सिरका टोला में वर्षो से रह रहे हैं, लेकिन आज तक वार्ड संख्या 11 में भुवनेश्वर शर्मा के घर से जब्बार के घर तक सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सका है। महानंदा नदी के किनारे बसे इस टोले में सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरुरतों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि खासकर बरसात के मौसम में टोले का कच्चा रास्ता जलजमाव और कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव और कीचड़ के कारण बीमार लोगों तथा गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में काफी दिक्कत होती है। तो बच्चे भी विद्यालय जाने में आनाकानी करते हैं।राशन की दुकान तक जाना कठिन हो जाता है।

थोड़ी बारिश होने से हीं स्थिति नारकीय हो जाती है। आक्रोशित ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण को लेकर पंचायतराज प्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई गई,लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव में टोले के लोगों को हर मौसम में परेशानी झेलनी पड़ती है।प्रदर्शन में शामिल प्रकाश शर्मा, विपिन शर्मा, बन्नू शर्मा, रेणु देवी, कंचन देवी, फुलवती देवी सहित अन्य दर्जनों ने स्थानीय विधायक से सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

Share this news

Leave a Comment