महंगाई पर भारी पड़ा त्योहार का उत्साह, कपड़े, चप्पल और पूजा सामग्री की दुकानों पर बढ़ी चहल-पहल
संवाददाता/किशनगंज
दुर्गापूजा और शारदीय नवरात्र को लेकर किशनगंज के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। रविवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही त्योहार की तैयारियों में तेजी आ गई है। शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
कपड़े, चप्पल, सैंडल, सौंदर्य प्रसाधन और पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद के कपड़े व सौंदर्य सामग्री खरीद रही हैं, जबकि श्रद्धालु नवरात्र पूजा के लिए आवश्यक सामान जुटाने में लगे हैं।
खास बात यह है कि महंगाई के बावजूद बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिख रही है। लोग अपने बजट के अनुसार त्योहार की जरूरतों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
दुकानदारों का कहना है कि कई सालों बाद इस तरह का उत्साह दिख रहा है ।नवरात्र के आगाज के साथ ही किशनगंज में त्योहार का माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में दुर्गापूजा को लेकर बाजारों में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।त्यौहार को देखते हुए बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ा दिया गया है।