न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, डीजे बजाने पर रहेगा प्रतिबंध

इरफान/पोठिया

प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ पुलिस कैंप परिसर में रविवार को आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कैंप प्रभारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में पुलिस पदाधिकारियों के अलावा शांति समिति एवं पूजा समिति के सदस्य, समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।

बैठक में कैंप प्रभारी कुंदन कुमार ने दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान कैंप क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों की जानकारी भी ली गई। उन्होंने कहा कि पूजा उत्सव आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि छत्तरगाछ के दुर्गा पूजा पंडालों और मेला परिसरों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों और मनचलों पर नजर रखेंगी, ताकि महिलाएं और युवतियां बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें।

कैंप प्रभारी ने लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों एवं उपद्रव फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पर्व के दौरान नियमित गश्ती की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

बैठक में उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार भी छत्तरगाछ में दुर्गा पूजा का आयोजन आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द की मिसाल पेश करेगा।

Share this news

Leave a Comment