मनोवर आलम /किशनगंज
ऑल बिहार शेरशाहवादी एसोसिएशन (अबसा) को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठन का विस्तार पंचायत स्तर तक करने के उद्देश्य से रविवार को किशनगंज शहर के पश्चिमपाली स्थित जिला कार्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर पंचायत क्षेत्रों की नवनिर्वाचित कमेटियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान सीमांचल में आयोजित होने वाले सद्भावना एवं एकता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल बिहार शेरशाहवादी एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला संरक्षक डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी ने की। समारोह में जिला अध्यक्ष इकरामुल हक, जिला सचिव मौलाना मुजम्मिल हक मदनी, संयुक्त सचिव अब्दुर रहमान, जिला प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद मसूद आलम, जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष अखलाक हुसैन, मौलाना मो. जलालुद्दीन मदनी, जिला परिषद सदस्य इनामुल हक, जिला कोषाध्यक्ष परवेज आलम तथा अधिवक्ता अब्दुल बसीर सहित अन्य अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित कमेटियों के अन्य सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का विस्तार होने से समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी। बैठक में सीमांचल स्तरीय सद्भावना एवं एकता सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सदस्यों से विचार-विमर्श किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष इकरामुल हक, जिला संरक्षक डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी और जिला प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद मसूद आलम ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए समुदाय की शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने की जरूरत बताई।
उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही। वक्ताओं के अनुसार, समाज की तरक्की के लिए शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपसी एकता बनाए रखना और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। समारोह में किशनगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर पंचायत क्षेत्रों की कमेटियों के पदाधिकारी, सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।