न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में तीन पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी,मवेशी तस्करों के साथ सांठगांठ और अवैध उगाही का आरोप

मवेशी लदे ट्रक को अवैध वसूली कर छोड़ने का आरोप, ठाकुरगंज थाना में दर्ज हुआ केस

किशनगंज: पशु तस्करी के मामले में कथित मिलीभगत और अवैध वसूली के आरोप में पाठामारी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता, एसआई सुनील कुमार और चालक सिपाही पवन कुमार के खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज की गई है।गौरतलब हो कि तीनों पुलिसकर्मियों को इस मामले में 22 सितंबर को ही निलंबित कर दिया गया था। पुलिस ने अब मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि, घटना 17 और 18 अगस्त 2026 की रात की है। आरोप है कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे एक ट्रक को रोकने के बाद पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर अवैध वसूली कर उसे छोड़ दिया था। मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-द्वितीय, किशनगंज से कराई गई थी।

जांच रिपोर्ट में तीनों पुलिसकर्मियों के आचरण पर सवाल उठने के बाद उन्हें 22 सितंबर 2026 को निलंबित कर दिया गया था। अब जांच के क्रम में ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 296/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में तीनों पुलिसकर्मियों के अलावा मवेशी तस्करों, कथित इंट्री माफिया और उनके सहयोगियों को भी आरोपित किया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कांड के अनुसंधान की जिम्मेदारी साइबर थाना अध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक अविनाश कुमार को सौंपी गई है।

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार, अनियमितता और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Share this news

Leave a Comment