भैसुर पर लगाया दुष्कर्म करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
किशनगंज/सागर चंद्रा
लव मैरिज करने के बाद पति और ससुराल वालों के द्वारा दहेज की मांग कर महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर अपने सगे भैसुर पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के लिखित शिकायत पर स्थानीय महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका प्रेम संबंध गांव के ही एक युवक के साथ था। मामला जगजाहिर होने के बाद 21 दिसंबर 2023 को दोनों की शादी करा दी गई थी। ससुराल पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद से ही पति और ससुराल वाले 5लाख रुपये, सोने के आभूषण और अपाचे बाइक की मांग कर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। इस बीच महिला का भैसुर भी उसपर बुरी नजर रखने लगा था और जिस्मानी संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा था।
पीड़िता ने जब भैसुर के करतूतों की जानकारी अपने पति और ससुराल वालों को दी तो वे भी भैसुर के पक्ष में बातें करने लगे। इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गई। लेकिन ससुराल वालों ने उसे धोखे में रखकर उसका गर्भपात करा दिया। घटना के कारण जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई तो मायके वालों ने उसका इलाज कराया। घटना से आहत होकर पीड़िता जब पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराने जाने लगी तो ससुराल वालों ने आरजू मिन्नत कर उसे रोक दिया।
ससुराल विदा होते वक्त मायके वालों ने उसे ढ़ेर सारा उपहार भी दिया। आठ माह पूर्व विवाद के बाद पति ने उसके शरीर पर खौलता हुआ पानी डाल दिया। जिससे पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई थी। लेकिन पीड़िता को तड़पता छोड़ कर पति रोजगार के लिए महानगर चला गया। गत 9 सितंबर को जब पीड़िता अपने कमरे में अकेली सोई हुई थी, उसी दौरान भैसुर ने हथियार के बल पर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के कारण जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई तो मायके वालों ने गत 30 सितंबर को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले को लेकर गांव में स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन पंचायत से न्याय नहीं मिलने पर वह थाने पहुंच गई। थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।